sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/secretary-general-muslim-world-league-calls-president

मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 12.07.2023

मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव डॉ. मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-इस्सा ने आज 12 जुलाई, 2023 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

भारत की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा पर डॉ. अल-इस्सा का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सहिष्णु मूल्यों, समभावी चेतना और अंतर-धार्मिक संवाद को बढ़ावा देने में मुस्लिम वर्ल्ड लीग की भूमिका और उद्देश्यों की सराहना करता है। उन्होंने कहा कि भारत एक बहु-सांस्कृतिक, बहुभाषी, बहु-जातीय और बहु-धार्मिक समाज होने के नाते विविधता में एकता का को अपनाए हुए है। हमारे 200 मिलियन से अधिक भारतीय मुस्लिम भाई-बहन हैं और हमारा देश विश्व में मुसलमानों की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सऊदी अरब के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है। दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों के बीच संबंधों पर आधारित सौहार्दपूर्ण संबंधों का एक लंबा इतिहास है। उन्होंने कहा, दोनों देशों के पास महत्वपूर्ण शिक्षाएं हैं जो दुनिया के साथ साझा की जा सकती हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और सऊदी अरब दोनों देश आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करते हैं और आतंकवाद के खिलाफ 'जीरो टोलरेंस (शून्य सहिष्णुता)' के समर्थक हैं। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद का मुकाबला करने के लिए एक समग्र दृष्टिकोण की आवश्यकता है और यह केवल उदारवादी विचारधारा के साथ जुड़कर ही संभव है। राष्ट्रपति ने उग्रवाद, आतंकवाद और हिंसा के विरुद्ध डॉ. अल-इस्सा के रुख की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी भारत यात्रा से मुस्लिम वर्ल्ड लीग के साथ सहयोग के और अधिक अवसर उपस्थित होंगे।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता