sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/president-india-graces-inauguration-18th-national-jamboree-bharat-scouts-and-guides

भारत की राष्ट्रपति ने राजस्थान में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 18वें राष्ट्रीय जंबूरी का उद्घाटन किया

राष्ट्रपति भवन : 04.01.2023

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 4 जनवरी, 2023 को पाली, राजस्थान में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के 18वें राष्ट्रीय जंबूरी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत स्काउट और गाइड देश में सबसे बड़ा स्वैच्छिक, गैर-राजनीतिक, वर्दीधारी युवा संगठन और शैक्षिक आंदोलन है। यह पंथ, नस्ल या लिंग के भेद के बिना लड़के और लड़कियों के चरित्र निर्माण के लिए काम करता है। 63 लाख से अधिक स्काउट्स और गाइड्स की सदस्यता के साथ, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स दुनिया के सबसे बड़े स्काउट्स एंड गाइड्स संगठनों में से एक है। उन्होंने कहा कि इस संगठन के सदस्य समर्पण और सेवा की भावना से काम कर रहे हैं जो मानवता के लिए कल्याणकारी है। उन्होंने सभी से मानवता और प्रेम की इस भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि अपनी यात्रा शुरू करने से पहले स्काउट और गाइड व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं बल्कि समाज के सामूहिक कल्याण के लिए स्वयं को शारीरिक रूप से मजबूत, मानसिक रूप से जागृत और नैतिक रूप से सही रखने का वादा करते हैं। उच्च चेतना की इन विशेषताओं का पालन करके दुनिया एक बेहतर जगह बनाते हैं।

मार्टिन लूथर किंग, जूनियर और बिल गेट्स का उदाहरण देते हुए जो स्काउट्स थे, राष्ट्रपति ने स्काउट्स और गाइड्स को सार्वभौमिक मूल्यों और लोकाचारों को अपनाने की सलाह दी जो भविष्य में आपका मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि स्काउट और गाइड के रूप में वे जो सबक सीखते हैं, वह अनगिनत तरीकों से उनके जीवन को संवारेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ने समाज की सेवा करने में अनुकरणीय साहस दिखाया है। जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान, समुद्र के स्तर और मौसम की अनिश्चितताओं का प्रभाव काफी स्पष्ट है। इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, हमें सुधार के उपाय तत्काल करने होंगे। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाकर, कार्बन फुटप्रिंट को कम करके और सतत विकास प्रथाओं को बढ़ावा देते हुएस्काउट और गाइड जन-जागरण के इस प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्काउट और गाइड के रूप में, यह उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को जैव विविधता की रक्षा करने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जिम्मेदार पर्यटन प्रथाओं को बढ़ावा देने के महत्व के बारे में शिक्षित करें।

राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व में आज भारत एक युवा देश माना जाता है। युवा राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और आपको भविष्य के लिए तैयार रहना होगा। उन्हें भविष्य में देश और समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए उच्च लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। उन्होंने स्काउट्स और गाइड्स से अपने आप पर पूरे विश्वास के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया और कहा की कामयाबी आप सब के कदम चूमेगी।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता