sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/president-india-attends-civic-reception-hosted-government-assam

भारत के राष्ट्रपति ने असम सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया

राष्ट्रपति भवन : 13.10.2022

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज शाम (13 अक्तूबर, 2022) को असम सरकार द्वारा असम प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज, गुवाहाटी में उनके सम्मान में आयोजित एक नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया।

इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि वह असम के लोगों से मिले प्यार और स्नेह से अभिभूत हूँ। इस यात्रा के माध्यम से उन्हें भारत की महान परंपराओं और उपलब्धियों से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने इस शानदार स्वागत के लिए असम के लोगों को हार्दिक धन्यवाद दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि असम राज्य का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वैभव अत्यंत प्रभावशाली है। श्रीमंत शंकरदेव और माधवदेव जैसी असाधारण विभूतियों ने भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को समृद्ध किया है तथा समाज को जोड़ने का काम किया है। इस क्षेत्र के बोडो समाज से बहुत कुछ सीखने लायक है। ज्योति प्रसाद अग्रवाल, बिष्णु प्रसाद राभा तथा भूपेन हजारिका जैसी अद्भुत प्रतिभाओं ने भारतीय समाज और संस्कृति को अक्षय उपहार दिए हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि असम में भारत की भौगोलिक,सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता का इंद्रधनुषी रूप दिखाई देता है। असम का विकास पूरे देश के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनको यह जानकार प्रसन्नता हुई कि अवसंरचना का तेजी से विकास करके असम की और पूर्वोत्तर क्षेत्र की सुविधाओं को व्यापक और अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। इससे लोगों का जीवन सुगम हो रहा है तथा उद्योगों के विकास को नई गति मिल रही है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार ने देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। भारत सरकार ने एक्ट ईस्ट पॉलिसी अपनाई है। जिससे असम सहित, पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों की विशेष भौगोलिक स्थिति का उपयोग करते हुए भारत को दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ जोड़ा जा रहा है। इस बदलाव से असम के विकास को अंतरराष्ट्रीय आयाम प्राप्त हो रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि असम में पर्यटन उद्योग के विकास की असीम संभावनाएं हैं। ‘मानस’ और ‘काजीरंगा’ जैसे मनमोहक स्थलों के कारण असम पर्यटकों को आकर्षित करता रहा है। वर्तमान केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा पर्यटन के विकास के लिए और अच्छाई को-सिस्टम तैयार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों का परिणाम निकट भविष्य में ही और बड़े पैमाने पर दिखाई देने लगेगा। इस परिवर्तन से यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता