sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/president-droupadi-murmu-meets-president-republic-suriname-sidelines-17th-pravasi

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के दौरान रिपब्लिक ऑफ सूरीनाम के राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 10.01.2023

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 10 जनवरी, 2023 को इंदौर, मध्य प्रदेश में रिपब्लिक ऑफ सूरीनाम के राष्ट्रपति महामहिम श्री चंद्रिकाप्रसाद संतोखी से मुलाकात की।

राष्ट्रपति संतोखी और उनके शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में उनकी भागीदारी देखकर मुझे प्रसन्नता हो रही है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि भारतीय समुदाय ने भारत छोड़ने के 150 साल बाद भी सूरीनाम में अपनी सांस्कृतिक पहचान बनाए रखी है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि सूरीनाम जून 2023 में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है और उन्होंने इस समारोह की सफलता की कामना की। उन्हें यह जानकर गर्व हुआ कि इतनी बड़ी भौगोलिक दूरी के बावजूद, सूरीनाम में व्यापक रूप से हिंदी बोली जाती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और सूरीनाम के बीच सहयोग अच्छी तरह आगे बढ़ रहा है। नियमित उच्च स्तरीय यात्राएं हमारे बढ़ते संबंधों को गति प्रदान कर रही हैं। उन्होंने सूरीनाम में तकनीकी सहयोग बढ़ाने और क्षमता निर्माण तथा कौशल विकास में योगदान के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। राष्ट्रपति ने कहा कि हमें पारस्परिक लाभ के लिए अपने व्यापार का विस्तार करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और संस्कृति में सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता