sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/phaijai-kae-paradhaanamantarai-nae-raasatarapatai-sae-bhaenta-kai

फिजी के प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति से भेंट की

राष्ट्रपति भवन : 25.08.2025

फिजी गणराज्य के प्रधानमंत्री माननीय श्री सितिवेनी लिगाममदा रंबुका ने आज 25 अगस्त, 2025 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री रंबुका और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने अगस्त 2024 में फिजी की अपनी राजकीय यात्रा के दौरान उनके साथ हुई मुलाकात और स्थानीय वरिष्ठ आदिवासियों द्वारा किए गए सुंदर पारंपरिक स्वागत का स्मरण किया। उन्होंने भारतीय मूल के जीवंत समुदाय के साथ अपनी बातचीत को भी याद किया और दोनों देशों के बीच आपसी समझ और मित्रता गहरी बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की।

भारत और फिजी के बीच, विशेषकर लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत संबंधों के बारे में बात करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि गिरमिटिया समुदाय का योगदान न केवल हमारे मजबूत संबंधों को बनाए रखने में, बल्कि फिजी की बहुसांस्कृतिक पहचान, विविधतापूर्ण समाज और अर्थव्यवस्था को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिक निभाई है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारी आधुनिक और बहुआयामी साझेदारी के हिस्से के रूप में, भारत फिजी के सामाजिक-आर्थिक विकास में भागीदारी कर रहा है, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण, तथा जलवायु परिवर्तन जैसी फिजी की प्राथमिकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत प्रशांत द्वीपीय देशों के साथ अपने संबंधों और विकास साझेदारी का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनमें फिजी एक विशेष भागीदार है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आज फिजी में एक सुपर- स्पेशलिटी अस्पताल स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह स्वास्थ्य सेवा सहयोग को बढ़ाने के हमारे साझा दृष्टिकोण की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-फिजी संबंधों में क्षमता निर्माण सदा एक महत्वपूर्ण बिंदू रहा है, जिसमें भारतीय संस्थानों में फिजी के अधिकारियों के लिए आईटीईसी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीकों से भारत में वित्तीय समावेशन में क्रांति आई है और हम यूपीआई भुगतान प्रणाली, 'जन धन' और आधार जैसी पहलों से जुड़े अपने अनुभव फिजी के साथ साझा करना चाहेंगे।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि फिजी सरकार ने भारत के साथ मजबूत संबंध बनाने को प्राथमिकता दी है, जो हाल के दिनों में हमारे संबंधों में हुई प्रगति से स्पष्ट है। दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा से सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे और इससे दोनों देशों के लोगों को लाभ पहुंचेगा।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता