sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarataiya-raelavae-saevaa-kae-paraobaesanarasa-nae-raasatarapatai-sae-maulaakaata

भारतीय रेलवे सेवा के प्रोबेशनर्स ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

जन-अनुकूल और पर्यावरण अनुकूल परिवहन प्रणाली के लिए नए अनुप्रयोग और सिस्टम तैयार करके देश की तकनीकी उन्नति की नई राह बनाएं: राष्ट्रपति मुर्मु ने रेलवे प्रोबेशनर्स से कहा

राष्ट्रपति भवन : 14.09.2023

भारतीय रेलवे सेवा (2018 बैच) के 255 प्रोबेशनर्स ने आज 14 सितंबर, 2023 को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

प्रोबेशनर्स को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय रेल न केवल भारतीय अर्थव्यवस्था की ही नहीं बल्कि भारत की एकता और सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता की भी रीढ़ है। उन्होंने जोर दिया कि आप जैसे युवा अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे रेलवे के तंत्र की समृद्ध विरासत का विस्तार करें और भारतीय रेल को दुनिया में सर्वोत्तम गुणवत्ता वाली सेवाएं बनाने का प्रयत्न करें।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रौद्योगिकी आज सभी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारतीय रेल के लिए, जो हर दिन लाखों लोगों की जरूरतों और मांगों को पूरा करती है और हर महीने लाखों टन माल का परिवहन करती है, प्रौद्योगिकी का यथासंभव सर्वोत्तम उपयोग करना आवश्यक है। उन्होंने युवा अधिकारियों से जन-अनुकूल और पर्यावरण अनुकूल परिवहन प्रणाली के लिए नए अनुप्रयोगों और प्रणालियों को तैयार करके देश की तकनीकी उन्नति की नई राह बनाने का आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि जो लोग ट्रेनों में यात्रा करते हैं उन्हें अपनी यात्रा की याद बनी रहती है। उन्होंने अधिकारियों से यात्रियों के साथ अपने मेहमानों की तरह व्यवहार करने और ऐसी सर्वोत्तम सेवा और अनुभव प्रदान करने का आग्रह किया, जिसे वे संजोकर रख सकें। उन्होंने हर तरह से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-आधारित-अनुप्रयोगों के साथ, रेल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कारगर और फुलप्रूफ सिस्टम डिजाइन किए जाने चाहिए।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता