sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-vaindhayagairai-kae-jalaavatarana-samaaraoha-maen

भारत की राष्ट्रपति विंध्यगिरि के जलावतरण समारोह में शामिल हुईं

राष्ट्रपति भवन : 17.08.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज 17 अगस्त, 2023 को गार्डन रीच शिपबिल्डर्स इंजीनियर्स लिमिटेड, कोलकाता, पश्चिम बंगाल में भारतीय नौसेना के प्रोजेक्ट 17ए के छठे जलयान विंध्यगिरि के जलावतरण समारोह में शामिल हुईं।

इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि विंध्यगिरि का जलावतरण भारत की समुद्री क्षमताओं के संवर्धन की दिशा में बढ़ाया गया एक कदम है। यह स्वदेशी जलयान निर्माण के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में भी बढ़ाया गया एक कदम है। प्रोजेक्ट 17ए का एक हिस्सा विंध्यगिरि आत्मनिर्भरता और तकनीकी उन्नति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह प्रोजेक्ट अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी विकसित करने के लिए स्वदेशी नवाचार का प्रमाण है।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और हम निकट भविष्य में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती अर्थव्यवस्था अर्थात अधिक मात्रा में व्यापार होना और हमारे व्यापारिक-सामान का एक बड़ा भाग समुद्र के माध्यम से आत जाता है, जिससे पता चलता है हमारे विकास और कल्याण के लिए महासागरों का कितना महत्व है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र और बड़े हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा से जुड़े अनेक पहलू हैं जिनसे जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए नौसेना को हमेशा सक्रिय रहना होगा।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता