sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-salaovaakaiyaa-maen-salaovaaka-ganaraajaya-kae

भारत की राष्ट्रपति स्लोवाकिया में; स्लोवाक गणराज्य के राजनेताओं से मिलीं; प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता का नेतृत्व किया

एमएसएमई और राजनयिक प्रशिक्षण सहयोग के क्षेत्र में दो समझौता ज्ञापनों के आदान-प्रदान की साक्षी बनीं

राष्ट्रपति भवन : 09.04.2025

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु पुर्तगाल और स्लोवाक गणराज्य की अपनी राजकीय यात्रा के अंतिम चरण में ब्रातिस्लावा पहुँचीं। 29 वर्षों में, भारत के राष्ट्रपति की स्लोवाक गणराज्य की यह पहली यात्रा है। राज्य मंत्री श्रीमती निमुबेन बंभानिया और संसद सदस्य श्री धवल पटेल और श्रीमती संध्या रे भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने अपने कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रपति भवन की यात्रा से की, वहाँ स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. श्री पीटर पेलेग्रिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वहाँ एक जोड़े ने लोक परिधान में रोटी और नमक देकर स्लोवाक परंपरा में उनका स्वागत दिया तथा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका समारोहिक स्वागत किया।

बाद में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ एकांत बैठक और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान द्विपक्षीय संबंधों और साझा वैश्विक और क्षेत्रीय हितों के मुद्दों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रपति पेलेग्रिनी की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता और पहल की सराहना की। उन्होंने स्लोवाकिया में भारतीय कला और संस्कृति की बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख किया। उन्होंने भारत के तेजी से बढ़ रहे मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में दोनों देशों द्वारा मिलकर सहयोग करने की अपार संभावनाओं पर जोर दिया, जिसमें स्लोवाकिया को फिल्म के क्षेत्र में चुनिंदा स्थल बनाना और मिलकर फिल्म निर्माण को बढ़ावा देना शामिल है। उन्होंने स्लोवाकिया को 1 से 4 मई, 2025 तक मुंबई में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले वेव शिखर सम्मेलन में सक्रियता से भागीदारी करने के लिए आमंत्रित किया।

दोनों राष्ट्र प्रमुख, दो समझौता ज्ञापनों के आदान-प्रदान के साक्षी बने, ये समझौते एमएसएमई के क्षेत्र में सहयोग पर एनएसआईसी और स्लोवाक बिजनेस एजेंसी के बीच और एसएसआईएफएस और स्लोवाक के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्रालय के बीच राजनयिक प्रशिक्षण सहयोग से संबंधित थे।

अगले कार्यक्रम में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्लोवाक गणराज्य की राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष, महामहिम श्री रिचर्ड रासी से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने श्री रासी को हाल ही में अध्यक्ष के रूप में उनके चुनाव पर बधाई दी और दोनों देशों की ऐतिहासिक दोस्ती को भारत द्वारा दी जा रही उच्च प्राथमिकता की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच सद्भाव और आपसी समझ बढ़ाने में सांसदों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि स्लोवाकिया की राष्ट्रीय परिषद में स्लोवाक-भारत मैत्री समूह की परंपरा रही है, और कहा कि इससे हमारे सांसदों में ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।

राष्ट्रपति ने स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री महामहिम श्री रॉबर्ट फिको से भी मुलाकात की और उनके साथ व्यापक चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत, स्लोवाक गणराज्य के साथ अपने मजबूत पारंपरिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बहुत महत्व देता है। हमारे संबंध लोकतंत्र, विधि द्वारा शासन और वैश्विक मुद्दों पर साझा समान विचारों पर आधारित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में हमारा सहयोग बढ़ता रहा है। दोनों नेताओं ने आपसी हितों से जुड़े सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों का अन्य क्षेत्रों तक विस्तार करने और उन्हें मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता