sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-nae-varaisatha-naagaraikaon-kae-kalayaana-kae-laie

भारत की राष्ट्रपति ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए पहल ‘एजिंग विद डिग्निटी’ कार्यक्रम में शामिल हुईं

वरिष्ठ नागरिक अतीत से जुड़ने की कड़ी हैं और भविष्य के मार्गदर्शक भी हैं, हमें उनके मार्गदर्शन को महत्व देना चाहिए और उनकी बहुमूल्य संगति का आनंद लेना चाहिए: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 02.05.2025

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज 2 मई, 2025 को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए पहल ‘सम्मान के साथ वृद्धावस्था (एजिंग विद डिग्निटी)’ कार्यक्रम में शामिल हुईं। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण पोर्टल का शुभारंभ किया गया, वरिष्ठ नागरिक गृहों का वर्चुअल उद्घाटन, सहायक उपकरणों का वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और ब्रह्माकुमारी संस्था के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि माता-पिता और बड़ों का सम्मान करना हमारी संस्कृति में है। आमतौर पर परिवारों में यह देखा जाता है कि बच्चे अपने दादा-दादी के साथ बहुत खुश रहते हैं। घर के बड़े परिवार के लिए भावनात्मक स्तंभ के रूप में कार्य करते हैं। जब बुजुर्ग अपने परिवार को फलता- फूलता देखते हैं तो उनका शरीर और मन स्वस्थ रहता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा वाले और भागदौड़ भरे जीवन में हमारी युवा पीढ़ी के लिए वरिष्ठ नागरिकों का साथ, प्रेरणा और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके पास अनुभवों और ज्ञान का भंडार है, जो युवा पीढ़ी को जटिल चुनौतियों का सामना करने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था आध्यात्मिक रूप से खुद को सशक्त बनाने, अपने जीवन और कार्यों का विश्लेषण करने और सारपूर्ण जीवन जीने का चरण भी है। आध्यात्मिक रूप से सशक्त हमारे वरिष्ठ नागरिक देश और समाज को अधिक समृद्धि और प्रगति की ओर ले जा सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अतीत से जुड़ने की कड़ी हैं और भविष्य के मार्गदर्शक भी हैं।  एक राष्ट्र के रूप में यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम सुनिश्चित करें कि हमारे वरिष्ठ नागरिक, वृद्धावस्था का समय सम्मान और सक्रियता के साथ बिताएं। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि सरकार विभिन्न पहलों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त बना रही है ताकि वे जीवन के सभी पहलुओं में सक्रिय रूप से भागीदारी कर सकें। उन्होंने सभी नागरिकों से बुजुर्गों की खुशी और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होने, उनके मार्गदर्शन को महत्व देने और उनकी बहुमूल्य संगति का आनंद लेने का आह्वान  किया।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता