sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-nae-sarailankaa-kae-raasatarapatai-kai-maejabaanai-kai

भारत की राष्ट्रपति ने श्रीलंका के राष्ट्रपति की मेजबानी की

भारत श्रीलंका के सतत आर्थिक विकास के लिए श्रीलंका सरकार के प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेगा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 16.12.2024

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 16 दिसंबर, 2024 को राष्ट्रपति भवन में लोकतांत्रिक समाजवादी गणराज्य श्रीलंका के राष्ट्रपति महामहिम श्री अनुरा कुमार दिसानायके का स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में एक भोज का भी आयोजन किया।

 राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति दिसानायके और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने उन्हें श्रीलंका में हाल ही में हुए राष्ट्रपति और संसदीय चुनावों में जीत हासिल करने के लिए बधाई दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि श्रीलंका भारत की ‘नेबर फर्स्ट’ नीति और सागर विजन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि एक करीबी और भरोसेमंद साझेदार होने के नाते भारत श्रीलंका के सतत आर्थिक विकास के लिए श्रीलंका सरकार के प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेगा।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आज स्वीकार किया गया संयुक्त वक्तव्य से पता चलता है कि दोनों देश बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

राष्ट्रपति ने कहा कि श्रीलंका के साथ भारत की व्यापक विकास सहायता साझेदारी श्रीलंका की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं पर आधारित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत के निवेश-आधारित प्रयास से आर्थिक सुधार और स्थिरता में सहायता मिलेगी। 

राष्ट्रपति ने यह स्मरण किया कि हमारे लोगों के बीच ऐतिहासिक संबंध हमारे द्विपक्षीय सहयोग के मूलभूत तत्व रहे हैं। 

दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इस दौरे से द्विपक्षीय संबंध और गहरे होंगे और दोनों देशों के लोगों की शांति और समृद्धि बढ़ाने में मदद मिलेगी।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता