sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-nae-omaana-kae-saulataana-kai-maejabaanai-kai

भारत की राष्ट्रपति ने ओमान के सुल्तान की मेजबानी की

भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में ओमान की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करता है और उसे बहुत महत्व देता है: राष्ट्रपति मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 16.12.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 16 दिसंबर, 2023 को राष्ट्रपति भवन में ओमान के सुल्तान महामहिम सुल्तान हैथम बिन तारिक का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।

भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर महामहिम का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि ओमान इस क्षेत्र में भारत के सबसे ऐतिहासिक रणनीतिक साझेदार और साथ ही भारत की पश्चिम एशिया नीति की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में विशेष स्थान रखता है। भारत इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में ओमान की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करता है और उसे बहुत महत्व देता है।

राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुई कि भारत और ओमान के बीच अब बहुआयामी संबंध स्थापित हो गए हैं। व्यापार और निवेश संबंध लगातार बढ़े हैं, और संस्कृति, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में बहुत प्रगति हुई है। भविष्य के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ओमान का 'विज़न 2040' और भारत की विकास यात्रा हमारे लिए रणनीतिक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सहयोग करने के लिए एक सही रास्ता तैयार करती है।

राष्ट्रपति ने भारत की अध्यक्षता में इस साल जी20 शिखर सम्मेलन और अन्य बैठकों के दौरान ओमान की बहुमूल्य भागीदारी की सराहना की।

राष्ट्रपति ने ओमान के विकास में भारतीय प्रवासियों द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का भी उल्लेख किया और भारत-ओमान संबंधों को मजबूत बनाने में उनके योगदान की सराहना की। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि यह यात्रा भारत-ओमान द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने, क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देने तथा सहयोग और प्रगति के उदाहरण के रूप में फलती- फूलती रहेगी।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता