sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-nae-kaenayaa-kae-raasatarapatai-kai-maejabaanai-kai

भारत की राष्ट्रपति ने केन्या के राष्ट्रपति की मेजबानी की

राष्ट्रपति भवन : 05.12.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 5 दिसंबर, 2023 को राष्ट्रपति भवन में केन्या गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम डॉ. विलियम समोई रुटो का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रुटो का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि हिंद महासागर की लहरों ने सदियों से भारत और केन्या के लोगों को जोड़े रखा है। हमारी मित्रता एक मजबूत द्विपक्षीय रिश्ते में परिपक्व हो गई है, जो व्यापार, शिक्षा और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग पर आधारित है।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि केन्या में भारतीय मूल के 80,000 लोगों के मजबूत समुदाय की समाज और अर्थव्यवस्था में अभिन्न भूमिका है। उन्हें केन्याई होने पर गर्व है और वे भारतीय संस्कृति और मूल्यों को अपनाए हुए हैं। उन्होंने कहा, यह केन्याई समाज के समावेशी चरित्र को दर्शाती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत केन्या के प्रमुख व्यापार साझेदारों और निवेशकों  में से एक है। कई भारतीय कंपनियों ने पूर्वी अफ्रीका में अपने कार्यों के लिए केन्या को आधार बनाया है। उन्होंने कहा कि भारत का निजी क्षेत्र के निवेशक केन्या में निवेश करने के इच्छुक हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार केन्या की विकास यात्रा में एक विश्वसनीय भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और केन्या के प्रमुख वैश्विक चुनौतियों के संबंध में समान विचार हैं, और क्षेत्रीय तथा संयुक्त राष्ट्र जैसे बहुपक्षीय मंचों पर निकटता से सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि भारत की अध्यक्षता में अफ्रीकी संघ को पूर्ण सदस्य के रूप में जी-20 में शामिल किया गया है। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि कई अन्य बहुपक्षीय मंच हैं जिनके माध्यम से दोनों देश मिलकर काम कर सकते हैं। राष्ट्रपति ने इस बात पर बल दिया कि दोनों देशों को न केवल अपने नागरिकों के हितों और प्रगति के लिए, बल्कि ग्लोबल साउथ के लिए भी मिलकर काम करना चाहिए।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता