sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-nae-jaaisalamaera-vaayausaenaa-sataesana-para-savadaesai

भारत की राष्ट्रपति ने जैसलमेर वायुसेना स्टेशन पर स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड में उड़ान भरी।

प्रचंड में उड़ान ने मुझे राष्ट्र की रक्षा क्षमताओं पर नए सिरे से गर्व का  अनुभव कराया है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 27.02.2026

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 27 फरवरी, 2026 को राजस्थान के जैसलमेर वायुसेना स्टेशन पर स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड में उड़ान भरी। इससे पहले राष्ट्रपति वर्ष 2023 और 2025 में क्रमश: सुखोई 30 एमकेआई और राफेल में उड़ान भर चुकी हैं।

यह मिशन दो-विमान हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) के संयोजन में किया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्रुप कैप्टन नयन शांतिलाल बहुआ के साथ पहले विमान-हेलीकॉप्टर में उड़ान भरी, जबकि वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और ग्रुप कैप्टन ए महेंद्र दूसरे विमान में नंबर 2 के रूप में मौजूद रहे। लगभग 25 मिनट के इस उड़ान मिशन के दौरान, उन्होंने गडिसर झील और जैसलमेर किले के ऊपर से उड़ान भरी और एक लक्षित टैंक पर हमला किया।

बाद में आगंतुक पुस्तिका में, राष्ट्रपति ने एक संक्षिप्त टिप्पणी लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, उन्होंने लिखा, “भारत में स्वदेशी रूप से विकसित हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर 'प्रचंड' में भरी गई उड़ान मेरे लिए एक परिपूर्ण करने वाला अनुभव रहा है। इस उड़ान ने मुझे राष्ट्र की रक्षा क्षमताओं पर नए सिरे से गर्व का अनुभव कराया है। मैं भारतीय वायु सेना और जैसलमेर वायुसेना स्टेशन की पूरी टीम को इस उड़ान के सफल आयोजन के लिए बधाई देती हूं।”

शाम को, राष्ट्रपति जैसलमेर में भारतीय वायु सेना की वायु शक्ति प्रदर्शनी को देखेंगी।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता