sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-nae-gaumalaa-maen-ayaojaita-antararaajayaiya-jana

भारत की राष्ट्रपति ने गुमला में आयोजित अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह - कार्तिक जतरा में भाग लिया

राष्ट्रपति भवन : 30.12.2025

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 30 दिसंबर, 2025 को झारखंड के गुमला में आयोजित अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह - कार्तिक जतरा में भाग लिया और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जन्म और कार्य क्षेत्र झारखंड की यात्रा उनके लिए तीर्थयात्रा के अनुभव के समान है। हम सभी के लिए वे सामाजिक न्याय तथा जनजातीय गौरव के महान प्रतीक के रूप में सम्मानित हैं। उन्होंने कहा कि पंखराज साहेब कार्तिक उरांव जी ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों के अनुरूप आदिवासी चेतना और पहचान को मजबूत बनाया। कार्तिक उरांव जी ने अपना जीवन जनजातीय समाज सहित देश के उत्थान के लिए लगा दिया।

उन्होंने शिक्षा के प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए काम किया। हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज और देश के समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।

राष्ट्रपति ने उल्लेख किया कि इस क्षेत्र के महान जनजातीय वीरों की एक लंबी सूची है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनजातीय संग्रहालयों की स्थापना के माध्यम से उनकी शौर्य गाथाओं से देशवासियों को परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन यह जनजातीय समुदाय के गौरव से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और संस्थाओं की ज़िम्मेदारी है कि इस क्षेत्र के तथा सभी क्षेत्रों के जनजातीय वीरों के योगदान से देश की युवा पीढ़ी को तथा भावी पीढ़ियों को अवगत कराया जाए।

राष्ट्रपति ने कहा कि युवा पीढ़ी और भावी पीढ़ियों को जनजातीय समुदायों की परम्पराओं से जोड़कर रखना बहुत आवश्यक है। जनजातीय विरासत और पहचान को सुरक्षित रखते हुए हमारे युवाओं को आधुनिक विकास की यात्रा में तेजी से आगे बढ़ना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनजातीय समुदायों के सभी लोग अपनी विरासत को संरक्षित करते हुए प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता