sampadak.aicte-india.org/qa/rbpoi/hi/press_releases/bhaarata-kai-raasatarapatai-nae-cailai-kae-raasatarapatai-kai-maejabaanai-kai

भारत की राष्ट्रपति ने चिली के राष्ट्रपति की मेजबानी की

चिली लैटिन अमेरिका क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 01.04.2025

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 1 अप्रैल, 2025 राष्ट्रपति भवन में चिली गणराज्य के राष्ट्रपति महामहिम श्री गेब्रियल बोरिक फ़ॉन्ट का स्वागत किया। उन्होंने उनके सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।

राष्ट्रपति बोरिक का भारत की पहली राजकीय यात्रा पर स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि छात्र राजनीति से लेकर राष्ट्रपति पद तक की उनका राजनीतिक जीवन दुनिया भर के युवा नेताओं के लिए प्रेरणा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह दौरा भारत-चिली संबंधों के लिए बहुत महत्व रखता है, क्योंकि यह ऐसे समय में हो रही है जब हम राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि चिली लैटिन अमेरिका क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है। भारत और चिली की राजनीतिक और आर्थिक प्राथमिकताएं समरूप हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पास व्यापार और निवेश, तकनीकी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में अपनी साझेदारी का विस्तार करने के कई अवसर हैं।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि हाल के वर्षों में भारत और चिली के बीच व्यापार बढ़ा है और कई भारतीय कंपनियों ने चिली में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने की और संभावनाएं हैं।

राष्ट्रपति ने चिली में भारतीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की, जो चिली में भारतीय व्यंजन, योग और आयुर्वेद को लोकप्रिय बना रहा है और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत कर रहा है।

दोनों राष्ट्राध्यक्ष ने सहमति व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच मजबूत दीर्घकालिक  संबंधों का विस्तार करने एक बड़ा अवसर है और उनकी राजकीय यात्रा भारत-चिली संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ेगी।

समाचार पत्रिका के लिए सदस्यता लें

सदस्यता का प्रकार
वह न्यूज़लेटर चुनें जिसकी आप सदस्यता लेना चाहते हैं।
सब्सक्राइबर का ईमेल पता